छत्तीसगढ़: कोरोना संक्रमित महिला ने दिया स्वस्थ शिशु को जन्म दोनों सुरक्षित, छत्तीसगढ़ में ऐसा पहला केस
हमरNews: छत्तीसगढ़ में जब 650 से अधिक लोग कोरोना वायरस (Coronavirus) के शिकार हो चुके हैं और दो लोग अपनी जान गवां चुके हैं। इस बीच कोरोना वायरस के कहर से जूझ रही गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया है। हैरत और संतोष की बात ये है कि जच्चा और बच्चे दोनों स्वस्थ हैं।
दरअसल, यह मामला छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले का है, जहां कोरोना संक्रमित एक गर्भवती महिला ने एक स्वस्थ शिशु को जन्म दिया है। जानकारी के अनुसार विशेषीकृत कोविड-19 अस्पताल के डॉक्टरों एवं स्टॉफ को कोरोना वायरस संक्रमित महिला का सुरक्षित प्रसव कराने में सफलता मिली है। प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों की हालत स्थिर है।
बच्चे को उसमें कोरोना वायरस का संक्रमण नहीं है। रायगढ़ मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सी-सेक्शन डिलीवरी का यह पहला प्रकरण है। गर्भवती महिला के कोविड-19 पीड़ित होने के कारण सुरक्षित प्रसव कराना चुनौतीपूर्ण था।
जम्मू से लौटी रायगढ़ के सारंगढ़ विकासखंड की गर्भवती महिला को गांव के क्वारेंटाइन सेंटर में रखा गया था। वहां से उसे 31 मई को रायगढ़ जिला चिकित्सालय रेफर किया गया था। क्वारेन्टाइन सेंटर से लाई गई इस महिला को आइसोलेशन वार्ड में रखकर कोरोना वायरस जांच के लिए सैंपल लिया गया था।
कोरोना वायरस संक्रमण की चुनौती से निपटने प्रदेश में तैयार किए जा रहे विशेषीकृत कोविड अस्पतालों में डिलीवरी का यह पहला प्रकरण था।
RT-PCR टेस्ट में रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद तत्काल इलाज के लिए रायगढ़ के डेडीकेटेड कोविड अस्पताल शिफ्ट किया गया, जहां 2 जून को सुबह डॉक्टरों की टीम ने महिला की सफल और सुरक्षित डिलीवरी कराई। इस टीम में रायगढ़ मेडिकल कॉलेज की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अमरवन्ती, निश्चेतना विशेषज्ञ डॉ. पी.एल. पटेल और शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. स्वरूप भोई शामिल थे। डिलीवरी के बाद अभी जच्चा-बच्चा दोनों की हालत स्थिर है।
स्टॉफ नर्सों द्वारा नवजात की देखभाल की जा रही है, साथ ही महिला का कोविड-19 का इलाज जारी है।
प्रदेश में बनाए गए विभिन्न कोविड अस्पतालों में इलाजरत मरीज लगातार ठीक होकर घर लौट रहे हैं। इन सर्वसुविधायुक्त अस्पतालों में कुशल डॉक्टरों एवं प्रशिक्षित नर्सों की तैनाती की गई है। रायगढ़ में हुई कोरोना पॉजिटिव महिला की सफल सिजेरियन डिलीवरी प्रदेश का पहला मामला है जहां कोविड-19 के उपचार के बीच गर्भवती महिला का सुरक्षित प्रसव कराया गया है।
हमरNews



No comments:
Post a Comment