हमरNews:
धमतरी-गुंडरदेही मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार डंपर व मोटरसाइकिल में जोरदार भिड़ंत हो जाने से मोटर साइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गई,वहीं दो अन्य घायल हो गए हैं। सभी मृतक ग्राम अचौद के रहने वाले थे।यह घटना 5 जनवरी की शाम 7 बजे ग्राम मोखा के पास की है।
दुर्घटना में वासदेव सेन उर्फ बल्लू पिता मदन (50), कुंदन ठाकुर पिता मोतीलाल ठाकुर व रोहेंद्र नेताम पिता तालसिंग ठाकुर (45) की मौत हो गई। तीनों आमदी से अचौद जा रहे थे। वहीं रास्ते में आ रही एक अन्य मोटर साइकिल पर सवार एक महिला व एक पुरुष भी वाहन की चपेट में आ गए। उन्हें 108 से गुंडरदेही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
बीच सड़क शव रखकर ग्रामीण मांग रहे थे मुआवजा
इस घटना के बाद ग्रामीणों ने धमतरी-गुंडरदेही मुख्य मार्ग पर ही चक्काजाम कर दिया। ग्रामीण वाहनों की रफ्तार को नियंत्रित करने सड़क पर गति अवरोधक बनाने की मांग कर रहे थे। उनका कहना है कि चालक तेज रफ्तार वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। वे तीनों मृतकों के शव बीच सड़क पर रखकर परिजनों को मुआवजा देने की भी मांग कर रहे थे।
घंटेभर बाधित रहा यातायात, वाहनों की लगी कतार
चक्काजाम और लोगों के उग्र प्रदर्शन के कारण घंटेभर यातायात बाधित रहा। इससे धमतरी व गुंडरदेही दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। मौके पर पहुंचे जिला प्रशासन के अधिकारियों ने शासन द्वारा निर्धारित मुआवजा देने पर सहमति जताई। पुलिस की समझाइश के बाद ही ग्रामीण शांत हुए और तब जाम खुल पाया।
नया साल लगने के बाद से लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से जिला सहम गया है। सोमवार को मालवाहक पलटने की घटना के बाद अब मंगलवार को भी 7 अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में 12 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। सभी घायलों को संजीवनी 108 की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हमरNews


No comments:
Post a Comment