हमरNews:
तीन नए कृषि कानूनों के खिलाफ किसानों के चल रहे आंदोलन के तहत, शुक्रवार को भारत बंद का ऐलान किया गया है। संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार आंदोलन के 120 दिन पूरे होने पर इस बंद का आयोजन किया गया है। मोर्चा ने लोगों से बंद को सफल बनाने की अपील की है। मोर्चा ने कहा है कि बंद का कार्यक्रम शुक्रवार सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक के लिए रखा गया है। बंद के दौरान सभी तरह के व्यापार ठप रहेंगे।
भारत बंद कब और कितने समय के लिए है?
किसान संगठनों का भारत बंद 26 मार्च 2021 की सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।
भारत बंद का कहां-कहां असर होगा?
संयुक्त किसान मोर्चा के अनुसार, 26 मार्च को ‘संपूर्ण रूप’ से भारत बंद रहेगा। संयुक्त किसान मोर्चा ने कहा है कि जिन राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में चुनाव होने हैं, उन्हें 26 मार्च को भारत बंद से अलग रखा जाएगा। पिछली बार उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड को छूट दी गई थी। इस बार किसान नेता दावा कर रहे हैं कि 26 मार्च को दिल्ली के अंदर भी भारत बंद का प्रभाव देखा जाएगा।
भारत बंद में क्या-क्या बंद रहेगा?
इस दौरान, रेल और सड़क यातायात को बाधित करने की योजना है। दुकानों और डेयरी जैसी जगहों को बंद रखा जाएगा। सुबह 6 बजे से लेकर शाम 6 बजे तक, सार्वजनिक स्थलों को भी बंद रखा जाएगा।
किसान नेताओं के अनुसार, किसी कंपनी या फैक्ट्री को नहीं बंद कराया जाएगा। पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर, जनरल स्टोर जैसी जरूरत की जगहें खुली रहेंगी।
पिछली बार क्या हुआ था?
26 जनवरी के दिन दिल्ली में हुई हिंसा के कुछ दिन बाद ही चक्का जाम की घोषणा की गई थी। हालांकि गाजीपुर बॉर्डर पर आंदोलन का नेतृत्व कर रहे राकेश टिकैत ने किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल से साथ बैठक की। उसके बाद ये कहा गया कि उत्तरप्रदेश और उत्तराखंड में ऐसा नहीं किया जाएगा। पिछली बार असर उतना ज्यादा देखने को नहीं मिला था।
हमरNews


No comments:
Post a Comment