हमरNews:
छत्तीसगढ़ के जांजगीर में रविवार को केएसके महानदी पावर प्लांट के एक बर्खास्त कर्मचारी ने जहरीला पदार्थ पी लिया। जिला श्रम कार्यालय में वार्ता के दौरान हुई इस घटना से हड़कंप मच गया। साथी मजदूरों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद श्रम अधिकारी की गाड़ी से मजदूर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला श्रम कार्यालय में रविवार को अकलतरा स्थित केएसके महानदी पावर प्लांट से बर्खास्त भू-विस्थापित कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच समझौते को लेकर वार्ता चल रही थी। इसी बीच एक मजदूर रामनाथ केंवट ने जहरीला पदार्थ पी लिया। मजदूरों के हंगामे के बाद रामनाथ को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर है।
10 माह पहले बर्खास्त किया गया था कर्मचारियों को
केएसके महानदी पावर प्लांट से 10 माह पहले 20 मजदूर नेताओं को बर्खास्त कर दिया गया था। इसके बाद से मजदूर वापस बुलाए जाने को लेकर आंदोलनरत हैं। इसी को लेकर प्रशासन की पहल पर समझौता वार्ता बुलाई गई थी। इससे पहले भी आधा दर्जन वार्ता हो चुकी थी। कई मुद्दों पर सहमति नहीं बनने पर गतिरोध जारी है।
हमरNews

No comments:
Post a Comment